मुंबई। मशहूर फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार का आज निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था । वहां आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे उनका निधन हो गया। मुंबई के बांद्रा कब्रिस्तान में आज दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ट्रेजेडी किंग के निधन से पूरा बॉलीवुड शोक में डूब गया है।
11 दिसंबर 1922 को पाकिस्तान के पेशावर में उनका जन्म हुआ था। वे 12 भाई-बहन थे। जन्म से उनका नाम मोहम्मद युसूफ खान था। हिंदी सिनेमा में आने के बाद इन्होंने अपना नाम दिलीप कुमार रख लिया। हिंदी सिनेमा जगत में 5 दशक की लम्बी पारी खेलने वाले दिलीप कुमार ने बॉलीवुड में 1940 में कदम रखा था। उस समय हिंदी सिनेमा अपने शुरुआती दौर में था। 1944 में आई ज्वार भाटा उनकी पहली फिल्म थी। इसके बाद दिलीप कुमार ने जुगनू में काम किया, जो बड़े पर्दे पर सफल साबित हुई और फिर इसके बाद दिलीप कुमार लोगों के दिलों में छाते चले गए।