रायपुर। (chhattisgarh ) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाभियान एक नवम्बर से प्रारंभ है। राज्य शासन द्वारा किसानों की सहूलियतों के लिए खरीदी केन्द्रों में आवश्यक सुविधाओ के साथ-साथ नवीन धान खरीदी केन्द्र भी प्रारंभ किए जा रहे है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा जिले के केशापुर में नवीन धान खरीदी केन्द्र शुरू किया गया है। केशापुर में नवीन धान खरीदी केन्द्र खुलने से ग्रामीणों में काफी खुशी है। ग्रामीणों ने इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खाद्य मंत्री अमरजीत भगत का आभार माना है। केशापुर में नवीन धान खरीदी केन्द्र खुलने से आस-पास के 14 गांवों के किसानों को धान विक्रय में सहूलियत होगी।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी इस वर्ष 01 नवम्बर 2022 से शुभारंभ हो चुका है, जो 31 जनवरी 2023 तक चलेगा। इस वर्ष धान एवं मक्का के समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी करते हुए समर्थन मूल्य धान कॉमन 2040 रूपए प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड-ए 2060 रूपए प्रति क्विंटल एवं मक्का का समर्थन मूल्य 2040 रूपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है।




