धमतरी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय रायपुर के तत्वावधान में बलौदाबाजार जिले के दामाखेड़ा में आयोजित पांच दिवसीय राज्यस्तरीय स्पेशल कोर्स में धमतरी जिले के 11 स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर एवं रेंजर लीडर ने सहभागिता कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्काउटिंग की तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षताओं को विकसित करना तथा प्रशिक्षित यूनिट लीडर तैयार करना रहा। प्रशिक्षण में जिले से हीना भेंसले, ऐश कुमार साहू, दुर्गेश द्विवेदी, बालमुकुंद साहू, हेमंत कुमार जांगड़े, ताकेश्वर पाण्डेय, हरिशचंद्र नेताम, सोमेश गुप्ता, श्याम सुंदर सिन्हा, शिल्पा मानिकपुरी एवं चांदनी साहू ने सहभागिता की।
राज्य आयुक्त रोवर अशोक देशमुख, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू, एसटीसी गाइड सरिता पाण्डेय सहित राज्यस्तरीय संचालक मंडल की टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें फर्स्ट एड, मैपिंग एवं स्टार गेजिंग, वार्डन कम क्वार्टर मास्टर तथा कैंप फायर जैसी स्काउटिंग विधाओं की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान अक्षांश-देशांतर रेखाओं एवं ग्रिड निकालने, नजरी नक्शा बनाने, रूढ़ एवं प्रतीक चिह्नों का प्रयोग, कंपास, मानचित्र एवं एटलस के उपयोग तथा तारामंडल के अध्ययन की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मार्चपास्ट, ड्रिल, आपदा प्रबंधन, आग बुझाने, ध्वज शिष्टाचार एवं कलर पार्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों को स्काउटिंग की दक्षताओं में पारंगत किया गया।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राज्य उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा तथा राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने शिविर स्थल पर पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने राज्य के सभी जिलों में अधिक से अधिक यूनिट लीडर तैयार करने पर जोर दिया।







