बहुमुखी विकास हेतु पढ़ाई के साथ अन्य कौशल भी सीखना जरूरी-जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री चरयाणी
धमतरी। जिला विधिक प्राधिकरण धमतरी द्वारा आज स्थानीय शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय में विधिक जागरूकता/साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं के कानूनी अधिकारों व प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री के.एल. चरयाणी के द्वारा श्रवण बाधितार्थ विद्यालय का अवलोकन कर बच्चों से मुलाकात की गई। उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्ष, लाइब्रेरी एवं प्रोजेक्टर कक्ष का अवलोकन कर बच्चों के पढ़ाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही बच्चों के द्वारा बनाई गई ड्राइंग, पेंटिग एवं ग्रीटिंग कार्ड का भी अवलोकन कर उनके रचनात्मक कार्य का उत्साहवर्धन किया।
श्रवण बाधित बच्चों को संबोधित करते हुए श्री चरयाणी ने कहा कि सभी बच्चे अच्छे से पढ़ाई करें और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी परिश्रम करें। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों जैसे -खेल, ड्राइंग, पेंटिंग, सांस्कृतिक क्रियाकलाप इत्यादि में भी सक्रिय रहने पर उन्होंने जोर दिया। ग्रीष्मकालीन अवकाश में कम्प्यूटर अथवा सिलाई जैसे कौशल को भी सीखकर बहुमुखी प्रतिभा को विकासित करने पर उन्होंने बल दिया। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण, सचिव जिला विधिक प्राधिकरण सहित श्रवण बाधितार्थ स्कूल के स्टॉफ मौजूद रहे।




