17.84 करोड़ की लागत से बनेगा कुरूद का नया 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल-मंत्री जायसवाल ने किया शिलान्यास
धमतरी। कुरूद विकासखंड मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद इंडोर स्टेडियम में सोमवार को लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 100 बिस्तर वाले नवीन सिविल अस्पताल (उन्नयन) के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग ₹17.84 करोड़ की लागत से प्रस्तावित यह पाँच मंजिला अत्याधुनिक अस्पताल कुरूद तथा आसपास के ग्रामीण अंचलों की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।
मंत्री श्री श्याम बिहारी श्री जायसवाल ने कहा कि 100 बिस्तरों वाले इस नवीन अस्पताल भवन के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण उपचार सरल, सुलभ और समय पर मिले। आधुनिक ओपीडी, डायलिसिस यूनिट, सीटी स्कैन, उन्नत लैब, आइसोलेशन वार्ड जैसी सुविधाएँ मरीजों की जीवन-रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह अस्पताल कुरूद क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊँचाई देगा। उन्होंने आगे कहा कि यहाँ नर्सिंग कॉलेज भी स्वीकृत है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि कुरूद क्षेत्र में विकास के कार्य निरंतर और तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा पहले मनुष्य की मूल आवश्यकताएँ केवल रोटी, कपड़ा और मकान तक सीमित थीं, लेकिन आज के दौर में शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं। राज्य सरकार इन सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास कर प्रत्येक नागरिक की जरूरतों और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।”
उन्होंने कहा कि कुरूद में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक सिविल अस्पताल का निर्माण न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीण अंचल के लिए एक सशक्त स्वास्थ्य सुरक्षा कवच भी साबित होगा। सांसद ने प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएँ आम लोगों के जीवन में ठोस सकारात्मक परिवर्तन लाती हैं।
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह अस्पताल कुरूद के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा“कभी कुरूद का अस्पताल केवल 30 बिस्तरों का था, जिसे बढ़ाकर 50 बिस्तरों तक किया गया। आज उसी अस्पताल को 100 बिस्तरों के विशाल, आधुनिक और बहु-उद्देशीय सिविल अस्पताल के रूप में उन्नत किया जा रहा है। यह केवल इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक नया भरोसा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ वार्डों और उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाओं के साथ यह अस्पताल बड़े शहरों जैसी सुविधाएँ प्रदान करेगा। उन्नत सुविधाएँ ओपीडी, इमरजेंसी, फार्मेसी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, फिजियोथैरेपी, पैथालॉजी, कैजुअल्टी वार्ड, जबकि अन्य तल पर मेडिसिन, सर्जरी, डायलिसिस, हड्डी रोग, नेत्र रोग वार्ड, ब्लड बैंक एवं प्रशासनिक कक्ष उपलब्ध रहेंगे।यह अस्पताल कुरूद सहित पूरे ग्रामीण अंचल को मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगा। कार्यक्रम को दीपक महस्के, अध्यक्ष छ.ग. मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, ज्योति चन्द्राकर, अध्यक्ष नगर पालिका कुरूद ने भी संबोधित किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कुरूद में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी । विशिष्ट अतिथियों में अरुण सार्वा, अध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी, गीतेश्वरी साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, नेहरू निषाद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




