Dhamtari : जिले की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को

SHARE:

धमतरी…. भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र 56-सिहावा, 57-कुरूद एवं 58-धमतरी की फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य संपन्न कराया गया। यह कार्य 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक सभी मतदान केंद्रों में बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से संपादित किया गया।
इस अवधि में मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन की कार्यवाही की गई। ऐसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो चुकी है अथवा विवाह या अन्य कारणों से संबंधित मतदान केंद्र के अंतर्गत निवास नहीं करते, उनके नाम विलोपित किए गए। साथ ही अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से भी आवेदन प्राप्त किए गए। महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।
आयोग के निर्देशानुसार प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण, गणना प्रपत्रों की जांच एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया 14 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर ली गई है। फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि

23 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक प्रकाशन के समय जिले में कुल 5,97,789 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 2,95,579 पुरुष, 3,02,207 महिला एवं 3 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे।
21 फरवरी 2026 को अंतिम प्रकाशन के समय कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 6,06,042 हो गई है। इनमें 2,99,214 पुरुष, 3,06,824 महिला एवं 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
इस प्रकार कुल 8,253 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें पुरुष मतदाताओं में 3,635, महिला मतदाताओं में 4,617 एवं तृतीय लिंग मतदाताओं में 1 की वृद्धि हुई है। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 7,550 नए मतदाता जोड़े गए तथा 1,409 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए।

युवाओं एवं विशेष श्रेणी के मतदाताओं की स्थिति

18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 5,770 से बढ़कर 8,881 हो गई है, जो कि 3,111 की वृद्धि दर्शाती है। वहीं 20-29 आयु वर्ग में 1,31,447 से बढ़कर 1,35,663 मतदाता दर्ज हुए, अर्थात 4,216 की वृद्धि। वरिष्ठ नागरिक (80+) मतदाताओं की संख्या 4,536 से घटकर 4,532 हो गई है, जिसमें 4 मतदाताओं के नाम मृत्यु अथवा अन्य कारणों से विलोपित किए गए। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 6,422 से बढ़कर 6,604 हो गई है, जो कि 182 की वृद्धि को दर्शाती है। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार सुधार सुनिश्चित करें।

Join us on:

Leave a Comment

और देखें