महासमुंद में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, भारी मात्रा में नगदी बरामद

SHARE:

मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुंद जिले में चल रही सघन वाहन जांच के दौरान कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेमरी जांच चौकी में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक होंडा कार से भारी मात्रा में नगदी बरामद करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियमित जांच के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उक्त कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर 500-500 रुपये के नोटों के कुल 150 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में नगदी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।
इस संबंध में पुलिस द्वारा धारा 94 बी.एन.एस.एस. के तहत नोटिस जारी किया गया है। हालांकि मौके पर संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नगदी, कार एवं मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। जप्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 85 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
कोमाखान पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगदी के स्रोत एवं उसके उपयोग की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह राशि अवैध लेन-देन या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Join us on:

Leave a Comment