मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुन्द में झूलेलाल जयंती का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सिंधी समाज के तत्वावधान में आयोजित किया गया है। इस पर्व ने नगर के धार्मिक और सामाजिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। सुबह से ही समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
झूलेलाल जयंती के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर लस्सी ,शरबत, फल एवं आम भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न समाजों के लोग भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत आज शाम 5 बजे झूलेलाल जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते सिंधु भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है।
शोभायात्रा के मार्ग में पंजाबी समाज, गुजराती समाज सहित सर्व समाज द्वारा जगह-जगह स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। पुष्प वर्षा, आरती एवं जलपान के माध्यम से शोभायात्रा का अभिनंदन किया जाएगा, जो शहर की आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
आयोजकों ने बताया कि झूलेलाल जयंती केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भावना का संदेश देने का भी माध्यम है। प्रशासन की ओर से भी आयोजन को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सिंधु युवाओं के द्वारा बाइक रैली का भी आयोजन किया गया है इसी कड़ी में समाज के सभी लोगों के द्वारा उनके स्वागत व सत्कार की भी भाव व्यवस्था की गई है ।




