रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को कुचल दिया और करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे नवापारा के चंपारण चौक के पास तेज गति से आ रही रेत से भरी हाइवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन हाइवा चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे चंपारण चौक से छाटा मार्ग तक करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मृतक की पहचान गोपी पटेल के रूप में हुई है, जो सुंदरकेरा का रहने वाला था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, यातायात को बहाल कराया और घायल युवक को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में हिरासत में ले लिया है।




