महासमुंद पुलिस ने किया नशीले पदार्थ का नष्टीकरण

SHARE:

मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को सिलतरा स्थित एसएमएस बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट, रायपुर में संपन्न हुई।
इस दौरान कुल 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्टीकरण की प्रक्रिया से पहले पुलिस अधीक्षक महासमुंद (कमेटी अध्यक्ष), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में जब्त सामग्री का भौतिक सत्यापन किया गया।
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों में दर्ज 35 प्रकरणों से जब्त मादक पदार्थों में 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग नशीली सिरप, 11,367 कैप्सूल, 62,449 टैबलेट तथा 4,123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल रहे। इन प्रकरणों में थाना महासमुंद के सर्वाधिक 13 मामले, बसना के 10, सरायपाली के 4, कोमाखान के 2, बलौदा के 2 तथा अन्य थानों के प्रकरण सम्मिलित हैं।
वर्षवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2017 से लेकर 2025 तक के मामलों में यह जब्ती की गई थी, जिसमें 2025 के सर्वाधिक 11 प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Join us on:

Leave a Comment