धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हारपुरी में विवाह के अगले ही दिन दूल्हे सिद्धेश्वर कंवर (28) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस घर में नई दुल्हन की स्वागत की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कन्हारपुरी निवासी सिद्धेश्वर कंवर का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के ग्राम डोकरपाली में संपन्न हुआ था। विवाह के बाद 17 अप्रैल की रात को आशीर्वाद समारोह (रिसेप्शन) का आयोजन किया गया, जिसमें रिश्तेदारों और मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे घर में खुशी का माहौल था और देर रात तक जश्न चलता रहा। समारोह के बाद सिद्धेश्वर अपने कमरे में सोने चला गया. शनिवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. आशंका होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो भीतर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए, सिद्धेश्वर पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी पर झूलता मिला.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है.



