धमतरी…. धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज बस स्टैंड धमतरी में धमतरी पुलिस यातायात एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन एवं विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं बस संचालकों द्वारा शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करवाना रहा।
चेकिंग के दौरान टीम द्वारा बसों में उपलब्ध अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों जैसे फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) एवं आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की बारीकी से जांच की गई। साथ ही इन उपकरणों की उपयोगिता, वैधता एवं कार्यशील स्थिति का भी परीक्षण किया गया, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
अब तक इस अभियान के अंतर्गत लगभग 35 से 40 बसों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिसमें 10 बसों में विभिन्न प्रकार की गंभीर कमियां पाई गईं। इनमें विशेष रूप से फर्स्ट एड बॉक्स का अभाव, अग्निशमन यंत्र का अनुपस्थित या अनुपयोगी होना तथा आपातकालीन निकास की उचित व्यवस्था का अभाव शामिल रहा।
उक्त कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए कुल 5100/- रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त, परिवहन विभाग द्वारा 10 वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं पाए जाने पर अलग से चालानी कार्यवाही भी सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान बस संचालकों एवं ड्राइवरों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध एवं क्रियाशील स्थिति में रखें। साथ ही उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि नियमों की अनदेखी पाए जाने पर भविष्य में और कठोर कार्यवाही की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।



