धमतरी । जिले में उन्नत तकनीक का उपयोग कर खेती-किसानी करने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए किसान चौपालों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। आज नगरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत अमाली में आयोजित किसान चौपाल में प्रगतिशील किसानों द्वारा उन्नत तकनीक से खेती-किसानी करने, खेती के साथ-साथ मछलीपालन, पशुपालन आदि करने के लिए भी जागरूक किया गया।
प्रगतिशील किसान मिथलेश साहू ने बताया कि वे बीएससी कृषि और एमएससी की शिक्षा जबलपुर से ली है। उन्होंने बताया कि वे 4 एकड़ में खेती की शुरूआत की थी और आज 24 एकड़ में खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ड्रिप सिंचाई मल्चिंग का सहयोग मिला है। मिथलेश ने प्रशासन के सहयोग से नगरी दुबराज की खेती करने की इच्छा भी जाहिर की।
नगरी दुबराज की खेती करने वाले किसान माधुरीलाल साहू ने बताया कि वे 10 सालों से नगरी दुबराज की खेती कर रहें हैं। उन्होंने किसानों को रायासनिक खाद का उपयोग नहीं करने और अधिक से अधिक जैविक खाद का उपयोग करने की समझाईश दी। इसके साथ ही साहू ने नगरी दुबराज लगाने की पद्धति की जानकारी भी दी। किसान चौपाल में उपस्थित जनपद सदस्य दुर्गेश नंदनी ने बताया कि खेती-किसानी केवल फसल लगाना ही नहीं है, बल्कि पशुपालन, उद्यानिकी और मछलीपालन भी है। उन्होंने बताया कि स्वसहायता समूह द्वारा 100 बकरियों का पालन किया जा रहा है। बकरियों के दूध का पावडर भी बनाया जाता है, जिसे बेचने से समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी हो रही है। जनपद सदस्य ने उपस्थित लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की। जैविक खेती करने वाली जननी स्वसहायता समूह की महिला कृषक ईश्वरी कुंजाम ने बताया कि वे जैविक खेती को अपनाकर दुबराज चावल और साग-सब्जियां उगा रहीं हैं।