धमतरी। रावां क्लस्टर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का आयोजन आज बड़े ही हर्षोल्लास और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन राव, जनपद सदस्य देहुती साहू, मुरारी यदु, एकनाथ साहू, गोपाल साहू और गोपी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महापौर रामू रोहरा ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा
सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण अंचलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच है। ऐसे आयोजन से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित होती है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहेगा।
महापौर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों से भी अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँच रहे हैं, और इस प्रकार के आयोजनों से नई प्रतिभाओं को पहचान और अवसर दोनों मिलते हैं।




