9एम इंडिया लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने विधायक से की मुलाकात, कार्यक्षेत्र में हो रही परेशानियों से कराया अवगत

SHARE:

मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। बुधवार को ग्राम बिरकोनी के 9एम इंडिया लिमिटेड कंपनी में ठेके में कार्यरत कर्मचारी विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के निवास पहुंचे। कर्मचारियों ने कार्यक्षेत्र में हो रही परेशानी एवं समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनसे तय समय 8 घंटे के बजाय 10 घंटे काम लिया जाता है, जिसके लिए कोई अतिरिक्त वेतन नहीं दी जाती है। साथ ही कलेक्टर दर से भी कम वेतन में उनसे काम लिया जा रहा है। कई बार बोलने के बावजूद उनका वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा और न ही उनकी अन्य मांग पूरी की जा रही है। सुरक्षा उपकरणों के संबंध में बताया कि बहुत ही कम सुरक्षा उपकरणों के साथ उन्हें काम करना पड़ रहा है। इन सबके चलते उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उनकी समस्याओं को सुनने के बाद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने तत्काल श्रम अधिकारी एवं ठेकेदार, जिसके अंतर्गत कर्मचारी कार्य कर रहे उन्हें बुलाया। कर्मचारियों की शिकायत के संबन्ध में श्रम अधिकारी को जांच कर उचित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही ठेकेदार को भी कार्य आदि के संबंध में फटकार लगाते हुए कर्मचारियों को उचित वेतन, सही समय पर कार्य एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आदेशित किया। इस पर आए हुए कर्मचारियों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को धन्यवाद ज्ञापित किया। विधायक श्री सिन्हा ने कर्मचारियों से कहा कि भविष्य कोई भी समस्या आती है तो वें उनके पास आकर अपनी समस्या रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए ही आपका प्रतिनिधि बना हूं। इसलिए क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहूंगा।

Join us on:

Leave a Comment