mahasamund : जिला सड़क सुरक्षा समिति की हुई समीक्षा बैठक, सांसद रुपकुमारी चौधरी ने दिए सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निर्देश

SHARE:

मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सांसद रुपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में सर्वप्रथम बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों और बिना सीटबेल्ट चारपहिया चालकों के खिलाफ सतत अभियान चलाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जागरूकता के साथ-साथ चालानी कार्रवाई भी नियमित रूप से की जाए।

इसके अलावा स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर विशेष चर्चा हुई। स्कूल बसों एवं वैनों की फिटनेस, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाना तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया।

बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले नाबालिग बच्चों पर अंकुश लगाने के लिए अभिभावकों को कड़ी चेतावनी देने तथा स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए। रात के समय शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने और जिले की सड़कों पर अवैध मोवेशियों को हटाने हेतु सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

जिले के ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहाँ सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ करने और ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने पर भी बैठक में सहमति बनी।

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समयावधि में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।

Join us on:

Leave a Comment