रायपुर। बुधवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 82 लाख रुपये का इनाम था। सभी नक्सलियों ने डीजी रश्मि शुक्ला के सामने आत्मसमर्पण किया और अपने साथ चार हथियार भी जमा कराए। ये सभी लंबे समय से छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सक्रिय थे। इधर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भी पुलिस को सफलता मिली है। मदनवाड़ा हमले में शामिल रही एक महिला नक्सली समेत चार नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। साल 2009 का मदनवाड़ा हमला देशभर में सुर्खियों में आया था, जिसमें राजनांदगांव के एसपी विनोद चौबे समेत 29 जवान शहीद हुए थे।
इनामी नक्सलियों की सूची
समर्पण करने वालों में मंजुला उर्फ लक्ष्मी पोटाई शामिल है, जिस पर 5 लाख का इनाम था। काजल उर्फ रजिता, जो कंपनी नंबर 10 की सदस्य थी, उस पर 8 लाख का इनाम घोषित था। इसके अलावा विलास उर्फ चैतु उसेंडी और रामसाय उर्फ लखन, दोनों पर 5-5 लाख का इनाम था।



