मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। महासमुंद में आज जिले के परीक्षा केंद्र में आयोजित कंप्यूटर साइंस की परीक्षा में उस समय अप्रत्याशित स्थिति निर्मित हो गई, जब परीक्षा देने पहुंचे लगभग 30 छात्रों ने प्रश्नपत्र में सिलेबस से बाहर सवाल पूछे जाने का आरोप लगाते हुए परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। छात्रों ने परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद सामूहिक रूप से एग्जामिनेशन हॉल से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों का कहना था कि प्रश्नपत्र में दिए गए कई प्रश्न न तो निर्धारित पाठ्यक्रम से मेल खाते थे और न ही सेमेस्टर की पूर्व तैयारियों के अनुरूप थे। छात्रों के अनुसार, प्रश्नपत्र देखकर अधिकांश परीक्षार्थी असमंजस में पड़ गए और परीक्षा जारी रखना उनके लिए संभव नहीं रह गया। इसका विरोध जताते हुए सभी छात्र केंद्र प्रबंधन के समक्ष एकत्रित हुए और फिर कुलपति, रवि शंकर विश्वविद्यालय रायपुर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में छात्रों ने मांग की है कि इस परीक्षा को अवैध मानकर पुनः परीक्षा आयोजित की जाए या बोनस अंक दिया जाये ,ताकि छात्रों के भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि प्रश्नपत्र निर्माण और सत्यापन प्रक्रिया में उचित रूप से होनी चाहिए ।
छात्रों ने यह भी बताया कि परीक्षा की तैयारी उन्होंने निर्धारित विषय-सामग्री के अनुसार की थी, लेकिन प्रश्नपत्र पूरी तरह असंगत साबित हुआ। विरोध के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्वक अपनी बात केंद्र अध्यक्ष केंद्र अध्यक्ष के पास रखी ।
दूसरी ओर केंद्र प्रबंधन ने मामले की जानकारी विश्वविद्यालय तक पहुंचाने की बात कही है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे भी इसका विरोध करेंगे




