सड़क सुरक्षा माह के दुसरे दिन धमतरी पुलिस ने बाईक पर निकाली हेलमेट जागरूकता रैली

SHARE:

धमतरी …. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन भव्य हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली गांधी मैदान, धमतरी से प्रारंभ हुई, जिसे पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में पुलिस जवानों के साथ- साथ समाजसेवी संगठनों, परिवहन एवं शिक्षा विभाग के , स्कूली विद्यार्थियों, मोटरसाइकिल चालकों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का अनमोल कवच है।
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु व गंभीर चोटों में कमी लाने के लिए हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट लगाना अनिवार्य है, क्योंकि कई दुर्घटनाओं में यह देखा गया है कि चालक की जान बच जाती है, जबकि पीछे बैठे बिना हेलमेट वाले व्यक्ति को गंभीर चोट लगती है या उनकी मृत्यु हो जाती है।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरते हुए “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें – सुरक्षित घर लौटें” तथा “सावधानी हटी – दुर्घटना घटी” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा यातायात जागरूकता एवं नशा मुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से जनसंदेश प्रचारित किया गया।

धमतरी जिले में वर्ष 2025 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2024 की तुलना में 19% की कमी तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु के मामलों में 6.21% की कमी दर्ज की गई है। यह उपलब्धि धमतरी पुलिस द्वारा निरंतर चलाए जा रहे जन-जागरूकता कार्यक्रमों, सख्त कार्यवाही एवं जनता के सहयोग का परिणाम है।
हाल ही में 31 दिसंबर एवं नववर्ष के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए वाहनों की जब्ती भी की गई, जिससे दुर्घटनाओं में नियंत्रित कमी आई है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान धमतरी पुलिस यातायात द्वारा पूरे माह विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्कूल–कॉलेजों में कार्यशालाएँ, जन-जागरूकता रैलियाँ, चालक परामर्श सत्र,वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण शिविर, सड़क सुरक्षा सन्देश अभियान एवं नियम उल्लंघन रोकथाम गतिविधियाँ शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है।

अंत में धमतरी पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं एवं पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्ति हेलमेट अवश्य पहनें।नाबालिगों को वाहन न चलाने दें।
निर्धारित गति सीमा का पालन करें।नशे की अवस्था में वाहन न चलाएँ। एवं यातायात पुलिस का सहयोग करें

Join us on:

Leave a Comment

और देखें