धमतरी को शैक्षणिक विकास की बड़ी सौगात: ज्ञान की नई इमारत: धमतरी में बनेगा 500 सीटर आधुनिक नालंदा परिसर

SHARE:

धमतरी…. धमतरी जिले के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं ज्ञान आधारित विकास को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले को बड़ी सौगात मिली है। नगर के प्रतिष्ठित नालंदा परिसर लाइब्रेरी को 250 सीटर से विस्तार देते हुए 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह अत्याधुनिक नालंदा परिसर लगभग 11 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा, जिससे जिले के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं अध्ययनशील नागरिकों को उच्चस्तरीय अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में हटकेश्वर वार्ड में 250 सीटर नालंदा परिसर की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। महापौर श्री रामू रोहरा के सतत प्रयासों, सक्रिय पहल एवं निरंतर संवाद के परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस परियोजना को और अधिक व्यापक स्वरूप देते हुए 500 सीटर की स्वीकृति प्रदान की। इस विस्तार से न केवल अध्ययन क्षमता दोगुनी होगी, बल्कि आधुनिक पुस्तकालय संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह नालंदा परिसर आधुनिक अधोसंरचना, शांत एवं सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधनों, ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई सुविधा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं आरामदायक अध्ययन कक्षों से युक्त होगा। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक आदर्श मंच प्राप्त होगा, वहीं आम नागरिकों में भी अध्ययन एवं ज्ञानार्जन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहन मिलेगा।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने 500 सीटर नालंदा परिसर को धमतरी जिले के शैक्षणिक वातावरण को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परिसर विद्यार्थियों और युवाओं को शांत, आधुनिक एवं संसाधनयुक्त अध्ययन स्थल प्रदान करेगा। जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना ज्ञान आधारित समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी तथा धमतरी को एक सशक्त शैक्षणिक केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगी।
महापौर  रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सरकार के गठन के पश्चात सुशासन की स्थापना हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। धमतरी के प्रति मुख्यमंत्री की विशेष संवेदनशीलता एवं दूरदर्शी सोच का यह प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पूर्ण सहयोग से धमतरी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में शिक्षा, अधोसंरचना एवं जनकल्याण के क्षेत्र में और भी महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतरेंगी। निश्चित रूप से 500 सीटर नालंदा परिसर धमतरी के युवाओं के सपनों को साकार करने का एक मजबूत आधार बनेगा और जिले को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान प्रदान करेगा।

Join us on:

Leave a Comment