महादेवा धाम, स्वयंभू महादेव मंदिर महासमुन्द

SHARE:

मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद।  महासमुंद जिले के कोमाखान तहसील से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम कसेकेरा में स्वयंभू महादेव का प्राचीन एवं आस्थापूर्ण स्थल श्रद्धालुओं के बीच “महादेवा धाम” के नाम से प्रसिद्ध होता जा रहा है। यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि अपनी विशेष मान्यताओं और चमत्कारी अनुभवों के कारण क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों का कहना है कि महादेवा धाम की सबसे बड़ी विशेषता यहां संतान प्राप्ति की कामना पूर्ण होना और रुके हुए धन की प्राप्ति से जुड़ी मान्यताएं हैं। निसंतान दंपत्ति यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करते हैं और भोलेनाथ के आशीर्वाद से उन्हें पुत्र अथवा संतान की प्राप्ति होती है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने स्वयं कई ऐसे दंपत्तियों को देखा है जिनकी वर्षों से सूनी गोद बाबा धाम की कृपा से भर गई।
यह स्थल दिन-प्रतिदिन आस्था का भव्य स्वरूप लेता जा रहा है। प्रतिदिन यहां श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। सावन मास के दौरान यहां विशेष रूप से कांवरियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। वर्ष भर में यहां दो बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं, जिनमें दूर-दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
विशेष रूप से महाशिवरात्रि पर्व, जो आगामी 15 फरवरी को पड़ रही है, इस अवसर पर महादेवा धाम में विशाल धार्मिक आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस दिन हजारों की संख्या में भक्त महादेव की पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं मांगते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि महादेवा धाम में सच्चे मन से की गई प्रार्थना का फल वर्ष भर के भीतर अवश्य मिलता है।
मंदिर से जुड़ी एक और विशेष कथा सेवा में समर्पित भक्तिन दाई से जुड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भक्तिन दाई मंदिर की सेवा करती थीं, तब कई बार उनके ऊपर सांप और बिच्छू चढ़ जाते थे, लेकिन कभी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। उनकी असीम भक्ति और सेवा भाव को देखकर ही यह स्थान आज भोलेनाथ के प्रसिद्ध धाम के रूप में पहचान बना रहा है। भक्तिन दाई आज नहीं है पर उनकी भक्ति के कारण यह स्थल आज बहुत ही प्रसिद्ध है ।
कुल मिलाकर, ग्राम कसेकेरा स्थित स्वयंभू महादेवा धाम आज श्रद्धा, विश्वास और चमत्कार का प्रतीक बनकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।यहा दिन प्रतिदिन भक्तों की संख्या बढ़ते ही जा रही है ।

 

Join us on:

Leave a Comment