प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

SHARE:

जिले में 1300 से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित, लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

धमतरी…. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विद्युत विभाग, बैंकों एवं योजना से जुड़े वेंडर्स की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि यह केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करना सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडर्स की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदकों के आवेदन छोटी-छोटी त्रुटियों के कारण निरस्त किया जाना स्वीकार्य नहीं है। बैंक अधिकारी आवेदकों को ऋण प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के अनुसार प्राप्त आवेदनों का निराकरण 15 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से करें। सहयोग नहीं करने वाले बैंकों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
कलेक्टर ने सभी बैंकों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजना की जानकारी मिल सके। साथ ही लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक बैंक में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, जिससे आवेदकों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक के दौरान शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक स्थापित सोलर संयंत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वेंडर्स द्वारा बताई गई समस्याओं को सुनते हुए कलेक्टर ने उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया और बैंकों को वेंडर्स को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक घरों में सोलर संयंत्र स्थापित कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता श्री अनिल सोनी ने बताया कि जिले में योजना के तहत अब तक 1300 से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जिसमें धमतरी विकासखंड में 780 तथा कुरूद में 528 प्रधानमंत्री सूर्य घर सोलर संयंत्र शामिल हैं। वर्तमान में बैंकों के पास 564 आवेदन स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं, जबकि लगभग 2300 आवेदन बैंकों को प्रेषित किए गए हैं। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, उनके प्रतिनिधि एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत कार्यरत वेंडर्स उपस्थित रहे।

Join us on:

Leave a Comment