धमतरी।राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत जिले के 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार हेतु एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन बुधवार, 04 फरवरी 2026 को जिला अस्पताल, धमतरी में किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक आयोजित होगा।
यह विशेष शिविर कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हित एवं पात्र बच्चों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में जन्मजात दोष, विकासात्मक विलंब, पोषण संबंधी समस्याएं तथा अन्य गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उचित उपचार एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, जो बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार उपचार, परामर्श एवं आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित बच्चों एवं उनके पालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके।


