धमतरी…. छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज, जिला धमतरी द्वारा ग्राम सोरम में एक दिवसीय वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू शामिल हुईं। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में रंजना साहू ने कहा कि यादव समाज की संगठनात्मक शक्ति, एकजुटता और समाजहित में निरंतर किए जा रहे कार्य अत्यंत प्रेरणादायी हैं। किसी भी समाज की प्रगति शिक्षा, संस्कार और संगठन की मजबूती पर निर्भर करती है। झेरिया यादव समाज द्वारा शिक्षा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्य अनुकरणीय हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की युवा पीढ़ी को आगे बढ़कर नेतृत्व संभालना चाहिए और समाज के गौरवशाली इतिहास एवं परंपराओं को नई दिशा देनी चाहिए। महिलाओं की सहभागिता को समाज की शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि जब महिलाएं संगठित और सशक्त होती हैं, तब समाज स्वतः प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।
यादव समाज प्रदेश उपाध्यक्ष भगत यादव ने कहा कि झेरिया यादव समाज की पहचान उसकी एकता, अनुशासन और सामाजिक समर्पण से है। समाज का उद्देश्य केवल परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में संगठन की मजबूती ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। जब हम सब मिलकर एक मंच पर आते हैं, तो समाज के विकास के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त होती है।


