Dhamtari: हरदी में नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति और सास गिरफ्तार

SHARE:

धमतरी। चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र के ग्राम हरदी में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के इस मामले में पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दरअसल घरेलू विवाद हत्या की वजह बना। वहीं सूझबूझ व विवेचना से पुलिस ने हत्या की अंधा मामला को सुलझा लिया। पुलिस ने नवविवाहिता की हत्या का आज खुलासा किया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरदी में नवविवाहिता की मृत्यु की सूचना 30 मार्च को चौकी करेलीबड़ी पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर मर्ग कायम कर गंभीरता से विवेचना प्रारंभ की गई। वहीं शव परीक्षण रिपोर्ट में मृत्यु का कारण श्वास अवरुद्ध (गला घोंटने) तथा मृत्यु की प्रकृति हॉमीसाइडल (हत्या) पाए जाने पर मामला स्पष्ट रूप से हत्या का होना प्रमाणित हुआ। विवेचना के दौरान करेलीबड़ी पुलिस टीम के सामने यह तथ्य आया कि मृतिका का अपने पति चन्द्रशेखर यादव के साथ संतान को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना दिनांक को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी का गला रस्सी से दबाकर हत्या कर दी। पुलिस की सख्त पूछताछ पर आरोपी चन्द्रशेखर यादव (उम्र 26 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की नोई रस्सी जप्त की गई तथा उसे 01 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी की मां रिना बाई यादव (उम्र 46 वर्ष) ने घटना की सच्चाई छुपाते हुए मृतिका की मृत्यु को सीने में दर्द से होना बताकर भ्रामक सूचना दी, जिससे साक्ष्य को छुपाने की कोशिश एवं पुलिस को गुमराह करने के प्रयास किया गया इस पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 103(1), 238(क) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Join us on:

Leave a Comment