स्काउट्स-गाइड्स ने बस स्टैंड व तहसील कार्यालय परिसर में खोला प्याऊ

SHARE:

कुरूद। बढ़ती गर्मी को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थानीय संघ कुरूद द्वारा सेवा का हाथ बढ़ाते हुए हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नगर के नया बस स्टैंड और तहसील कार्यालय परिसर में स्थानीय संघ के अध्यक्ष मनीष साहू, बीईओ चंद्रकुमार साहू सहित अतिथियों ने शीतल पेयजल प्याऊ का उद्घाटन किया।

​कार्यक्रम के दौरान स्थानीय संघ के अध्यक्ष मनीष साहू ने सेवा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लोगों की सेवा सर्वोपरि है। भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। स्काउट संगठन हमें निःस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना सिखाता है और यह प्याऊ इसी दिशा में एक छोटा सा प्रयास है।

विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी चंद्रकुमार साहू ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता भी है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन बच्चों में सेवा के संस्कार रोपता है। उपाध्यक्ष राजेश पांडेय ने इस पहल को युवाओं की ऊर्जा का सही उपयोग बताया।

उन्होंने कहा कि स्काउट्स हमेशा तैयार रहने का संदेश देते हैं। हमारे कैडेट्स ने जिस तत्परता से इस प्याऊ की जिम्मेदारी ली है वह सराहनीय है।तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने स्काउट्स-गाइड्स के इस प्रयास की प्रशंसा की।

इस मौके पर स्थानीय संघ कुरूद के अध्यक्ष मनीष साहू, उपाध्यक्ष राजेश पांडेय, सचिव ऐश कुमार साहू, संस्थागत प्रतिनिधि श्रवण साहू, आजीवन सदस्य प्रतिनिधि धनंजय ठाकुर, सुमन कोसले, अरुणा नेताम, स्कउट्स-गाइड्स मीनाक्षी, लुकेश्वरी, सुमन, डेमेश, हर्ष, खेमलाल, अन्नपूर्णा, आरती, चांदनी आदि शामिल रहे।

Join us on:

Leave a Comment