तेज रफ्तार कार खड़ी मेटाडोर से भिड़ी, युवक की मौत, 6 घायल

SHARE:

धमतरी।  भारतमाला मार्ग पर चिंवरी-सांकरा के पास शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार सड़क किनारे खड़ी एक मेटाडोर से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार धमतरी के जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में जारी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पालगांव (थाना दुगली) निवासी ग्रामीण इको कार (क्रमांक CG04 QC 1236) में सवार होकर सेमलगांव से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे चिंवरी-सांकरा के समीप सड़क किनारे खड़ी मेटाडोर कार चालक को नजर नहीं आई और कार सीधे उसमें जा घुसी। हादसे में फ़लेंद्र मण्डावी (25 वर्ष), निवासी पालगांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

​हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही समाजसेवी सन्नी छाजेड़ और ओमी जैन अपने निजी वाहनों के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को धमतरी पहुँचाया। घायलों में से तीन को श्रीराम अस्पताल और तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नगरी भेजा गया है।

Join us on:

Leave a Comment