राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों से 30 जून तक आवेदन आमंत्रित

खिलाड़ी को प्रत्येक वर्ष के लिए पृथक-पृथक आवेदन प्रस्तुत करना होगा
पंकज विक्रम सम्मान के लिए खेल संघ की अनुशंसा जरूरी

रायपुर। खेल एवम युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य खेल अलंकरण हेतु राज्य शासन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों से 30 जून 2024 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। खिलाड़ियों को प्रत्येक वर्ष के लिए पृथक-पृथक आवेदन करना होगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खिलाड़ियों के लिए पुरस्कारों में शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान एवं शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए खेल संघों द्वारा राज्य खेल संघों से अनुशंसा सहित आवेदन जिला कार्यालय या संचालनालय रायपुर को प्रेषित किया जा सकता है। खिलाडी को प्रत्येक वर्ष के लिए पुरस्कार हेतु पृथक-पृथक आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के नगद राशि, प्रेरणा निधि, डाईट मनी के लिए भी आवेदन आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण के वेबसाइट ीजजचध्ध्ेचवतजेलूण्बहण्हवअण्पद का अवलोकन किया जा सकता है।

शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार

राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाडियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में या राष्ट्रीय खेलों में कोई पदक प्राप्त किया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार
जूनियर वर्ग के उन खिलाडियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कोई पदक प्राप्त किया हो।

शहीद पंकज विक्रम सम्मान
ऐसे महिला/पुरुष खिलाडी जिन्होंने विगत 5 वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व किया हो, उन्हें शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाता है।

वीर हनुमान सिंह पुरस्कार
खेल प्रशिक्षकों और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है।

शहीद विनोद चौबे सम्मान
खेल से जुड़े 55 वर्ष या अधिक उम्र के अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिये खिलाड़ी या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त खिलाड़ी या संबंधित ने ऐसी कोई उल्लेखनीय सेवा खेल के क्षेत्र में अर्जित की हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से अलंकृत किया जाता है।

Leave a Comment

Notifications