मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुन्द ब्लॉक कै
बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुनवानी खुर्द में वन भूमि पर कथित अवैध कब्जे और पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रोहित साहू निवासी फूल सिंह साहू द्वारा फर्जी तरीके से वन अधिकार पट्टा बनवाकर जंगल की जमीन पर कब्जा किया गया है। मामले को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भूमि वन परिक्षेत्र क्रमांक 135 के अंतर्गत आती है, जिसका खसरा कंपार्टमेंट 2.880 बताया जा रहा है। आरोप है कि वन अधिकार पट्टे के आधार पर रोहित साहू द्वारा हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर जंगल की जमीन को समतल कर खेत तैयार किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ वन क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी तरीके से बनाए गए वन अधिकार पट्टे को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही जंगल की जमीन पर किए गए कब्जे को हटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो वन क्षेत्र में अतिक्रमण की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि शिकायत की जल्द जांच कराई जाएगी और जांच में तथ्य सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।









