धमतरी: लीलर गांव के पास एक तेंदुआ सड़क पर बैठा मुसाफिरों को नजर आया. लोगों ने जैसे ही तेंदुए को देखा उनके होश उड़ गए. तभी मौके से गुजर रहे एक कार सवार ने सड़क पर बैठे तेंदुए का वीडियो बना लिया. वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ, वन विभाग भी हरकत में आ गया. वन विभाग की टीम ने ऐहतियात के तौर पर आस पास के गांव वालों को सावधान रहने की हिदायत दी है. लोगों से कहा जा रहा है कि वो रात के वक्त बाहर निकलने से या फिर अकेले जाने से बचें. वन विभाग का कहना है कि रुद्री, गंगरेल, अछोटा, भोयना सहित आसपास के कई इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी रहती है और वो आसपास के इलाके में घूमते रहते हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास के जंगल में यहां बड़ी संख्या में तेंदुए हैं. खाने और पानी की तलाश में वो कई बार रिहायशी इलाकों के करीब पहुंच जाते हैं. स्थानीय लोगों ने कई बार तेंदुए के सड़क पार करने की तस्वीरें भी उतारी है.








