रायपुर। देवेंद्र नगर एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात सड़क पर गिरे पैसे उठाने के लिए रुके युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक युवक किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके कुछ रुपए सड़क पर गिर गए। युवक ने एक्सप्रेस-वे किनारे अपना वाहन रोका और नीचे उतरकर पैसे उठाने लगा। तभी पीछे से तेज गति में आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत डायल-112 को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस सहायता वाहन करीब 18 मिनट बाद मौके पर पहुंचा, तब तक घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा।








