धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र के बुडेनी गांव में हुए हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पैरी नदी किनारे बुधवार को नवागांव निवासी बसंत साहू की अधजली लाश मिली थी. इस मामले में आरोपी रायपुर के रहने वाले रौनक छाबड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
एसपी प्रशांत ठाकुर ने बताया, आरोपी रौनक को तांत्रिक विद्या में रुचि थी और तांत्रिक सिद्धि के लिए उसने राजिम नवापारा के पेंटर बसंत साहू को अपना गुरु बनाया था. दोनों काफी दिनों से तांत्रिक सिद्धि पाने पूजा पाठ और क्रिया कर्म में लगे हुए थे. 31 जनवरी की रात भी दोनों बुडेनी गांव के सुनसान इलाके में पहुंचे, यह इलाका श्मशान घाट के पास ही है. यहां दोनों ने शराब पी और पूजा पाठ में जुट गए, लेकिन उस दिन रौनक किसी और इरादे से पहुंचा था.
दरअसल रौनक को कहीं से यह जानकारी मिली थी कि अगर अपने गुरु के खून को पी जाओ तो उसकी सारी सिद्धियां एक बार में ही हासिल हो जाती है, और रौनक छाबड़ा ने इसी शॉर्टकट तरीके से सिद्धि पाने बसंत की हत्या करने की योजना बनाई. इस योजना को उसने 31 जनवरी की रात अंजाम दिया. उसने अपने तंत्र गुरु बसंत साहू के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया, जिससे बसंत साहू मौत हो गई.



