ओवरलोड रेत परिवहन, बिना दस्तावेज एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर हाईवा चालक के विरुद्ध मामला दर्ज

धमतरी।  एसपी धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है, ताकि सड़क सुरक्षा एवं आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसी तारतम्य में थाना भखारा पुलिस द्वारा ग्राम भखारा स्थित कोलियारी मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CA 9995 अशोक लेलैंड 10 चक्का के चालक शाहिल वर्मा पिता चन्द्रशेखर वर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पाहंदा थाना रानीतराई जिला दुर्ग को खतरनाक तरीके से वाहन चलाते एवं मोबाइल फोन पर बात करते पकड़ा गया।

जांच के दौरान चालक वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक 3 टन 830 किलोग्राम रेत ओवरलोड पाया गया।
साथ ही वाहन के पीछे नंबर अंकित नहीं होना एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 196, 50(2)/177, 184, 21(25)/177, 3/181 एवं 113/194(1) के तहत वैधानिक कार्यवाही कर इस्तगासा तैयार कर  न्यायालय में पेश किया गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail