धमतरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में 28 एवं 29 मई को जिले के विभिन्न विकासखंडों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विकासखंड धमतरी अंतर्गत 28 मई को ग्राम पंचायत देमार में समाधान शिविर आयोजित होगा। वहीं विकासखंड कुरूद अंतर्गत 28 मई को ग्राम पंचायत कचना में शिविर लगाया जाएगा।
इसी प्रकार 29 मई को विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत घटुला तथा विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत राजपुर में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में ग्रामीणों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का मौके पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









