नगदी एवं मोबाइल लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, चाकू एवं नगदी रकम बरामद

धमतरी। भखारा शराब दुकान परिसर में नगदी एवं मोबाइल लूटने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं नगदी रकम बरामद किया है। लूट की वारदात में एक आरोपी विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल रहा। वहीं फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। लूट की वारदात का आज पुलिस ने खुलासा किया।

मिली जानकारी के अनुसार एक युवक शराब एवं डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपये लेकर भखारा आया था। रात्रि लगभग 8 बजे युवक जब भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तब वहां पहले से मौजूद आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोककर पैसों की मांग की। युवक के पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू को युवक के गले में अड़ा दिया। वहीं अन्य आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालक ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद 3000 रुपये एवं रेडमी मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी अंशुमन साहू , लोकेश पटेल तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू एवं नगदी रकम जप्त की गई है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है तथा उसकी गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail