धमतरी…. डाही सेक्टर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। यह आयोजन युवा शक्ति का उत्सव सांसद खेल महोत्सव की थीम पर आधारित है, जिसमें डाही सेक्टर की 18 ग्राम पंचायतों के युवा खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बालाराम साहू, जनपद उपाध्यक्ष केशव साहू, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, जनपद सदस्य फागेश्वरी साहू, भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्री पटेल, कमलनारायण ध्रुव सहित 18 ग्राम पंचायत के सरपंच, सोसायटी प्रबंधन समिति के सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रंजना साहू ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। यह महोत्सव गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है। सांसद खेल महोत्सव उसी दिशा में एक सार्थक पहल है, जिससे ग्रामीण स्तर पर भी खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच की ओर अग्रसर हो सकते हैं।




