कुरुद। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत किस्त का इंतजार कर रहे कुरूद के पात्र हितग्राहियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कुरूद नगर पालिका ने सिंगल नोडल एजेंसी (एसएनए) स्पर्श प्रणाली के माध्यम से 17.99 लाख की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित कर दी है।
खाते में पैसा पहुंचते ही रुके आवास निर्माण कार्यों ने फिर से गति पकड़ ली है। नगर पालिका द्वारा यह राशि 2 हिस्सों में दी गई। 15.36 लाख राज्यांश, 2.63 लाख केंद्रांश है। एसएनए स्पर्श प्रणाली के जरिए हुआ यह भुगतान पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध रहा। बिना किसी बिचौलिए के सीधे खाते में राशि मिलने से हितग्राहियों ने तुरंत अपने अधूरे मकानों का काम दोबारा शुरू कर दिया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने कहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके खातों में 17.99 लाख मिलना पारदर्शी शासन का प्रमाण है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि पहले योजना की राशि निकाय के माध्यम से दी जाती थी, लेकिन अब शासन के निर्देश पर राज्यांश और केंद्रांश सीधे हितग्राही के खाते में भेजे जा रहे हैं। नई व्यवस्था के कारण जो शुरुआती विलंब हुआ था, वह अब समाप्त हो चुका है और आगे भुगतान निरंतर जारी रहेगा।




