मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा किया है कि महंगाई भत्ता तीन फीसदी बढ़ेगी। इससे राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केंद्र के समान मंहगाई भत्ता मिलेगा। इस घोषणा को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को सरकार द्वारा दिया गया बड़ा तोहफा बताया है। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत किए जाने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय कर्मचारियों को काफी राहत प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार की कर्मचारी-हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारी सरकार चाहे वह केंद्र की हो या राज्य की सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। अधिकारी कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ होते हैं और उनकी ईमानदारी, कर्मठता तथा संवेदनशीलता से ही सरकार की योजनाएं, नीतियां और निर्णय वास्तविक रूप में धरातल पर उतरते हैं। हमारे राज्य का प्रशासनिक ढांचा भी उनके मेहनत, निष्ठा और अनुशासन के कारण ही प्रभावी ढंग से कार्य कर पा रहा है। आगे कहा कि इसमें पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पहले भी बढ़ाया था महंगाई भत्ता
इसके पहले राज्य सरकार ने अधिकारी-कर्मचारी के लिए 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया था। प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र के बराबर 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था। अब 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे पहले 3 मार्च को विधानसभा में साल 2025-26 के वार्षिक बजट में 53 प्रतिशत डीए किए जाने की घोषणा की थी। राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करके 53 प्रतिशत कर दिया गया था।



