धमतरी…. छत्तीसगढ़ में दिव्यांगजनों के लिए संचालनालय, समाज कल्याण विभाग रायपुर, द्वारा निःशुल्क बायोनिक (कृत्रिम) हाथ वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कोहनी से हाथ गंवा चुके दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक बायोनिक हैंड निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। निजी क्षेत्र में जिसकी कीमत लगभग 4 से 5 लाख रुपये तक होती है, वही उपकरण शासन की पहल पर पात्र हितग्राहियों को बिना किसी शुल्क के प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के चयनित हितग्राहियों को राजधानी रायपुर भेजा गया। इनमें भूपेंद्र कुमार ध्रुव (ग्राम बनियाटोरा, विकासखंड मगरलोड), चेतन राम साहू (ग्राम करेली छोटी, विकासखंड मगरलोड), बिसाली राम साहू (ग्राम गुजरा, विकासखंड धमतरी), सोमप्रभा निषाद (ग्राम भटेली, नगर पंचायत भखारा) एवं उचित राम ध्रुव (ग्राम सिलौटी, विकासखंड मगरलोड) शामिल रहे।
शिविर में बायोनिक हाथ लगने के बाद हितग्राहियों ने खुशी जाहिर की। बनियाटोरा निवासी श्री भूपेंद्र कुमार ध्रुव ने कहा कि बायोनिक हाथ मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है और अब वे दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगे। चेतन राम साहू ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने महंगे उपकरण को निःशुल्क उपलब्ध कराना दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत है। बिसाली राम साहू ने बताया कि इस पहल से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे पुनः सामान्य जीवन की ओर अग्रसर होंगे। सोमप्रभा निषाद ने इसे दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली पहल बताया। उचित राम ध्रुव ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे कभी बायोनिक हाथ की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, लेकिन अब यह संभव हो पाया है।
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक मनीषा पांडे ने जिले के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों से इस प्रकार के शिविरों की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाने की अपील की है।


