मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद एवं नगर पालिका सभापति ईश्वरी संजय भोई के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं के लंबित भुगतान को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले लगभग तीन महीनों से क्षेत्र के हितग्राहियों को विकलांग पेंशन, वृद्धा पेंशन तथा विधवा पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो पा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्षद ईश्वरी संजय भोई ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित इन पेंशन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहारा प्रदान करना है। किन्तु बीते तीन माह से भुगतान नहीं होने के कारण दिव्यांग, बुजुर्ग एवं विधवा महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ही लंबित राशि जारी करने की मांग की।
इस दौरान उन्नति दिव्यांग कल्याण संघ के सदस्यों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि पेंशन राशि ही कई हितग्राहियों की आजीविका का मुख्य साधन है। भुगतान में देरी से उन्हें दवा, भोजन एवं अन्य जरूरी खर्चों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पेंशन राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। इस पर कलेक्टर महोदय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द ही हितग्राहियों को पेंशन राशि प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद राहुल आवाड़े भी उपस्थित रहे। साथ ही उन्नति दिव्यांग कल्याण संघ की ओर से सविता निषाद, बुधराम साहू, संजय परमार, प्रीतम बंजारे, शिव टांडेकर, बिंदा यादव, कुंती यादव, झरना चमेली, सुरजो यादव, सुनीता सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।




