धमतरी। धमतरी वन विभाग ने बड़ी मात्रा में लकड़ी से लदी एक ट्रक को जब्त कर वन तस्करी के संगठित खेल का पर्दाफाश किया है। दरअसल यह ट्रक बिना किसी वैध दस्तावेज के कांकेर से धमतरी की ओर बेखौफ दौड़ रही थी.
श्यामतराई बाईपास के पास वन विभाग को संदिग्ध वाहन की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोककर जांच की. ड्राइवर से लकड़ी परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी अनुमति पत्र नहीं दे सका. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया.
कांकेर-चारामा में वनोपज की उचित जांच को लेकर उठे सवाल पर प्रभारी रेंजर ने बताया कि यह जांच का विषय है, उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. वन विभाग ने साफ किया है कि लकड़ी की कटाई और परिवहन के लिए वैध अनुमति लेना अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल विभाग पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटा हुआ है और जांच पूरी होने के बाद बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है.




