Dhamtari : बाढ़ आपदा से बचाव के लिए करेठा में हुआ मॉक ड्रिल

धमतरी। (Dhamtari) जिले में बाढ़़ आपदा से बचाव के लिए आज सुबह ग्राम करेठा स्थित महानदी किनारे एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीम द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह साढ़े आठ बजे जल संसाधन विभाग द्वारा सायरन बजाकर बाढ़ की सूचना दी गई और जिला कार्यालय को पत्र भेजा गया। इसके बाद सुबह पौने नौ बजे कोटवार द्वारा बाढ़ प्रभावित गांव में मुनादी कराई गई। साथ ही तहसीलदार ने भी संबंधित गांव पहुंचकर स्पीकर के जरिए घोषणा की। इसके बाद सुबह नौ बजे सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्राम के लोगों को नजदीक में अस्थायी तौर पर बने तात्कालिक़ राहत शिविर में पहुंचने कहा गया। इस दौरान मेडिकल टीम, एम्बूलेंस इत्यादि भी रवाना हुए। मॉक ड्रिल में शारीरिक रूप से कमजोर, बीमार और बच्चों को कंधों पर उठाकर बाढ़ आपदा राहत वाहन में बिठाया गया।

सुबह दस बजे ग्रामीणों को बाढ़ आपदा वाहन के जरिए रुद्री स्थित बाढ़ राहत केन्द्र में पहुंचाया गया। सुबह साढ़े 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक रूद्री बैराज में राहत गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके तहत पानी में डूब रहे पांच ग्रामीणों को रेस्क्यू कर बोट के जरिए बाहर लाया गया। साथ ही उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैय्या कराई गई। इसके बाद भोजन की व्यवस्था की गई तथा दोपहर दो बजे ग्रामीणों को सुरक्षित वापस अपने गांव पहुंचाया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक सहित राजस्व, पुलिस, जल संसाधन, स्वास्थ्य विभाग का अमला, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

Notifications