धमतरी। शहर से लगे ग्राम कोलियारी में एक मालवाहक पिकअप और कार की मामूली ठोकर पर लगभग 3 घंटे तक सड़क में जमकर विवाद हुआ। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कार क्र. CG 04 NM 7871 में एक परिवार के 6 सदस्य व बच्चे नगरी की ओर से धमतरी आ रहे थे, जिसे मालवाहक पिकअप क्र. CG 08 AH 2587 के चालक ने ग्राम भोयना के पास ओवरटेक करते हुए ठोकर मार दी। जिसका पीछा करते हुए कार सवारों ने उसे कोलियारी के बाजार के पास रोका। कार सवारों से पिकअप के चालक की बहसबाजी हो ही रही थी कि अनियंत्रित भीड़ मौके पर जमा हो गई, और पूरा मामला जाने बिना कार सवारों से दुर्व्यवहार किया जाने लगा, विवाद इतना बढ़ा कि कार में तोड़फोड़ भी जमकर की गई। मामले की जानकारी पर अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ बेकाबू देख और बल बुलाया गया, लोगों को समझाईश दी गई, लेकिन भीड़ के न मानने पर लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस द्वारा कार को मौके से ले जाते वक्त मौजूद भीड़ ने जमकर पथराव भी किया गया, जिसमे कुछ पुलिस कर्मियों समेत अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, और एक पुलिस वैन का शीशा भी टूट गया। इस दौरान पिकअप सवार वाहन समेत मौके से फरार हो गया।इस मामले में कार सवारों ने थाना अर्जुनी में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।



