रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा जिले के विकासखण्ड अम्बिकापुर कुदरिया बहरा नाला में स्टापडेम निर्माण के लिए 3 करोड़ 97 लाख 51 हजार रूपए स्वीकृत किए हैं। स्टापडेम निर्माण से निस्तारी, पेयजल, भू-जल संवर्धन और किसानों के लिए 30 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तावित है।
मानिकचौरी नहर उन्नयन के लिए 3.93 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति
छत्तीसगढ़ शासन के जलसंसाधन विभाग मंत्रालय द्वारा बिलासपुर जिले के खारंग जलाशय की मानिकचौरी वितरक नहर के उन्नयन एवं नवीनीकरण के लिए 3 करोड़ 93 लाख 32 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति मुख्य अभियंता हसदेव कछार बिलासपुर को प्रदान की गई है। इस नहर के उन्नयन एवं नवीनीकरण से इस योजना की सिंचाई क्षमता में 833 हेक्टेयर की कमी को पूरा कर कुल 3916 हेक्टेयर में सिंचाई के लिए जलापूर्ति की जा सकेगी।
टेसुवा नाला में एनीकट निर्माण के लिए 3.74 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति
छत्तीसगढ़ शासन के जलसंसाधन विभाग मंत्रालय द्वारा मुंगेली जिले के टेसुवा नाला में ग्राम घुठेली के पास एनीकट निर्माण के लिए 3 करोड़ 74 लाख 42 हजार रूपए की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति मुख्य अभियंता हसदेव कछार बिलासपुर को प्रदान की गई है। इस एनीकट के निर्माण से पेयजल, निस्तार तथा भूजल संवर्धन के साथ-साथ किसानों को स्वयं के साधन से 120 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध हो सकेगा।




