गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का बढ़ाया मान
महासमुंद @ मनीष सरवैया। नागपुर में आयोजित 9 वीं सीनियर मिनीगोल्फ राष्ट्रीय चयन स्पर्धा संपन्न हुई जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य से विविध केटेगरी में 40 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
प्रदेश टीम के मैनेजर हेमन्त खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्पर्धा नाकआउट पद्धति से खेली गई ।प्रदेश की टीम में महासमुंद जिले से सर्वाधिक खिलाड़ियों का चयन नेशनल चैंपियनशिप हेतु रायपुर के दावड़ा यूनिवर्सिटी में आयोजित राज्य चयन स्पर्धा में खिलाड़ियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ था।
हेमंत ने आगे बताया कि झलप निवासी एस एम इमरान व तबस्सुम ने मिक्स डबल इवेंट में भाग लेकर बिना कोई मैच हारे शानदार खेल का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय चैंपियन का गौरव हासिल करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रदेश की मिक्स डबल की टीम में शामिल इमरान व तबस्सुम ने केरल,तमिलनाडु, हरियाणा व ओडिशा जैसी मजबूत टीम को हराकर एक नई कीर्तिमान बनाते हुए जिले व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
वहीं प्रदेश के पुरुष वर्ग ने भी राष्ट्रीय चयन स्पर्धा में तीसरे स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया है।प्रदेश की टीम में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों में नीलसागर पटेल (राजपालपुर) दुर्गाशंकर नायक (राजपालपुर)सोमेश कुमार पटेल (रजपालपुर) प्रकाश पटेल(गड़गांव) शामिल है।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष नीलसागर पटेल ने डबल इवेंट में गोवा में आयोजित नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर जिले व प्रदेश को गौरवान्वित किया था।
महासमुंद जिला के सचिव व प्रदेश टीम के मैनेजर हेमन्त खुटे को भी राष्ट्रीय चयन स्पर्धा में रेफरी की भूमिका निभाने के लिए अतिथियों ने मंच पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया।




