शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ जिले के प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों से विकास एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का पूरा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। राज्यपाल श्री डेका ने जल संरक्षण एवं जल संचयन, पौधारोपण एवं पर्यावरण संवर्धन, परंपरागत एवं जैविक खेती प्रोत्साहन, टी.बी उन्मूलन, सड़क सुरक्षा आदि विषयों पर अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया।
राज्यपाल ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए गए प्रयासों एवं प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने टीबी उन्मूलन के लिए बेहतर मॉनिटरिंग करने एवं इसके इलाज को लेकर लोगों को जागरूक करने बात कही। उन्होंने रेडक्रॉस के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही रेडक्रॉस के चुनाव कराने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने वृक्षारोपण को लेकर विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ ही उसे जीवित रखने को लेकर समुचित व्यव्स्था की जाए। उन्होंने पौधरोपण के लिए जल्दी विकसित होने वाली पौधों की प्रजातियों के चयन की बात कही। राज्यपाल श्री डेका ने परंपरागत कृषि एवं जैविक खेती प्रोत्साहन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने जैविक कृषि को बढ़ावा देने किसानों को जागरूक और प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। जिले के सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों के रखरखाव के संबंध में जानकारी ली तथा ऐसे महत्वपूर्ण स्थलों से जुड़ी जानकारियां डिजिटल रूप से भी संग्रहित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल श्री डेका ने बैठक में कहा कि ड्रग्स एवम नशे के कारण युवा काफी प्रभावित हो रहे हैं इसके रोकथाम के लिए सभी आवश्यक उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी ली।

Leave a Comment

Notifications