कुरूद। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्योति राइस मिल के पास तेज रफ्तार हाईवा ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि कार चालक भारत भूषण राजपूत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे कुरूद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुरूद निवासी भारत भूषण राजपूत गुरुवार शाम को अपने निजी काम से वैगनआर कार (क्रमांक CG-04-ZB-3200) में सवार होकर ग्राम गाड़ाडीह गए थे. शाम करीब 6:30 बजे जब वे वापस अपने घर कुरूद लौट रहे थे, तभी ज्योति राइस मिल के पास यह हादसा हुआ. सूर्य नमस्कार चौक की दिशा से आ रहे हाईवा (क्रमांक CG-05-AL-9584) के चालक ने वाहन को अत्यंत लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए कार को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और भारत भूषण के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतक के भाई आशीष पवार ने कुरूद थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराएं- 184 (LKS), 106 (1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है.



