कुरुद। “मनरेगा बचाओ संग्राम” के बैनर तले कांग्रेस ने अब सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई तेज करने का ऐलान कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को कुरूद ब्लॉक मुख्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुआ, जहां विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होना है.
जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर के नेतृत्व में निकले इस काफिले में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए “मनरेगा बचाओ, मजदूरों को हक दिलाओ” जैसे नारों से माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग दिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और आक्रोश देखने को मिला.
इस मौके पर जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर ने कहा कि मनरेगा योजना गरीबों और ग्रामीण मजदूरों के लिए महज एक योजना नहीं, बल्कि उनकी आजीविका की जीवन रेखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस योजना को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने मजदूरों के हितों की अनदेखी जारी रखी, तो आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है.




