धमतरी। नगर पंचायत नगरी के बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गया। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार घनशु विश्वकर्मा रोजाना की तरह सुबह करीब 6:30 बजे जंगलपारा से दो बोरी कोयला लेकर अपने मालवाहक वाहन CG 05 W 9391 से लौट रहे थे. इस दौरान नगरी बस स्टैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर सीधे कमल वस्त्रालय में घुसा गया। टक्कर से दुकान का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में चालक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल को सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.



