127 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

धमतरी। थाना सिहावा पुलिस एवं वन विभाग ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। 127 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 72 लाख से अधिक बताई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही कर जेल भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सांकरा स्थित फारेस्ट नाका सांकरा में वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों की तरफ से सोमवार शाम को नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक सिल्वर रंग की कार क्रमांक MH10- DQ-4294 वाहन को रोककर थाना प्रभारी सिहावा एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके पर तत्काल थाना सिहावा पुलिस पहुंचे, जहां पर वाहन की चेकिंग करने पर कार की डिक्की में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक कुल 62 पैकेट अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। वाहन में सवार व्यक्तियों से गांजा के परिवहन एवं विक्रय संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु कोई वैध कागजात नहीं होने पर थाना प्रभारी सिहावा द्वारा मौके पर गवाहों के समक्ष विधिवत पंचनामा कार्यवाही कराई गई एवं तौल कराने पर कुल 127.09 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 63,54,500/- रुपये है, बरामद किया गया।

आरोपियों संदीप विष्णु खोत निवासी सिंदे चौक, अस्टा, थाना अस्टा, जिला सांगली (महाराष्ट्र) और स्वप्नील मुलिक निवासी अस्टा दक्षिण भाग सुसायटी चौहान वाडी थाना अस्टा जिला सांगली (महाराष्ट्र) के पास से घटना में प्रयुक्त वाहन (कीमत लगभग 9,00,000/- रुपये), दो मोबाइल (कीमत 15,000/- रुपये) एवं नगदी 1,500/- रुपये जब्त किए गए। इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 72,71,000/- रुपये आंकी गई है। उक्त मामले में आरोपीगण के विरुद्ध थाना सिहावा में धारा 20 (ख) (ii) (सी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Join us on:

Leave a Comment